हिंदी
पालिका में भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन (Img: Dynamite News)
Kannauj: सिद्धपीठ बाबा गौरीशंकर मंदिर तक जाने वाली जर्जर और कीचड़युक्त सड़क को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर पालिका पहुंचे। चेयरमैन के मौजूद न होने पर प्रदर्शनकारियों ने परिसर में धरना देकर विरोध जताया। बाद में पालिका कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इस दौरान अधिशासी अधिकारी के नाम पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया, जिसमें मंदिर मार्ग की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ये भी पढ़ें- मौत को मात: पलक झपकते ही गंगा में समाया ट्रक; जानिये कन्नौज हादसे में दो लोग कैसे बच निकले
भाजपा नेता शिवेंद्र कुमार ने कहा कि सावन में हजारों श्रद्धालु और कांवड़िए बाबा गौरीशंकर मंदिर पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर मार्ग बदहाल स्थिति में है। वहीं नयन दोहरे ने चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़क दुरुस्त नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने वंदन योजना में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि मंदिर क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर धन खर्च दिखाया गया, जबकि जमीन पर कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कराए गए कार्यों का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की। मांगें पूरी न होने पर चेयरमैन आवास के घेराव की चेतावनी भी दी गई।
ये भी पढ़ें- JE साहब से बहस और सब-स्टेशन पर धरना, कन्नौज में BJP कार्यकर्ताओं के किस अल्टीमेटम से मची हलचल
इस मौके पर राहुल मिश्रा, गोपाल चतुर्वेदी, अनिल गुप्ता, श्यामजी मिश्रा, आदित्य दुबे, कुलदीप पंडित, आकाश ठाकुर, लक्की राजपूत, सोनू पटवा और मणि अवस्थी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Kannauj
Published : 13 July 2026, 4:06 PM IST