इंस्टाग्राम से मौत तक का सफर: लड़की के फोटो ने करवा दिया मर्डर, वारदात से पहले आरोपियों ने खिलाए थे छोले-भटूरे

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर महिला मित्र की तस्वीर पर कमेंट और लाइक करने के कारण तीन दोस्तों ने 17 वर्षीय किशोर रिहान की बेरहमी से चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक रिहान का परिवार सदमे में है, जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।.

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 July 2025, 10:32 AM IST
google-preferred

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिर्फ इंस्टाग्राम पर महिला मित्र की फोटो पर कमेंट और लाइक करने की वजह से तीन दोस्तों ने एक 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस हत्या के आरोप में तीनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक किशोर की पहचान रिहान (17) पुत्र सगीर के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र की कासिम विहार कॉलोनी का निवासी था। रिहान इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहता था और एक महिला मित्र की तस्वीरों और वीडियो पर लगातार कमेंट व लाइक कर रहा था। इस बात को लेकर उसके पुराने दोस्त वसीम और साहिल उर्फ टूल्ली (निवासी श्रीराम कॉलोनी, खजूरी दिल्ली) और रिहान उर्फ पंडत (निवासी कासिम विहार कॉलोनी) से विवाद हो गया।

पहले हुआ झगड़ा, फिर रची गई हत्या की साजिश

कुछ दिनों पहले रिहान और वसीम के बीच इसी मुद्दे को लेकर बहस और हाथापाई हुई थी। उस समय रिहान ने वसीम को धमकी दी थी और उसकी बेइज्जती भी की थी। बाद में वसीम ने दोस्तों के कहने पर झगड़ा खत्म करने का दिखावा किया, लेकिन अंदर ही अंदर वह बदला लेने की योजना बना चुका था। तीनों दोस्तों ने मिलकर रिहान को मारने की साजिश रची। योजना के मुताबिक उसे बहाने से घूमाने के लिए बुलाया गया।

छोले-भटूरे खिलाए, फिर जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारा

तीनों आरोपी रिहान को लोनी के इलायचीपुर गांव के पास जंगल में ले गए। इससे पहले चारों ने मिलकर एक ठेले पर छोले-भटूरे खाए, ताकि कोई शक न हो। खाने के बाद तीनों ने रिहान को सुनसान इलाके में ले जाकर हमला कर दिया।

फिर दिया वारदात को अंजाम

साहिल ने रिहान को पीछे से पकड़ लिया। वसीम ने चाकू से कई बार वार किया और रिहान उर्फ पंडत ने छूरी से उसके शरीर को गोद डाला। नृशंस हमले में रिहान बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के वक्त एक गाड़ी की रोशनी देखकर तीनों हमलावर घबरा गए और मौके से भाग निकले। साहिल की छूरी वहीं गिर गई, जबकि वसीम ने चाकू पास ही कीकर के पेड़ के नीचे छिपा दिया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने तीनों आरोपियों को कासिम विहार कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने दो चाकू भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल हत्या में किया गया था।

परिवार में मातम, सऊदी से लौटे पिता बेहोश हुए

मृतक रिहान के पिता सगीर सऊदी अरब में गाड़ी मैकेनिक का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वे तुरंत भारत लौटे। जैसे ही उन्होंने अपने बेटे का शव देखा, वे दर्द से बेहोश हो गए। रिहान के परिवार में मां रेशमा और चार छोटे भाई-बहन हैं। रिहान घर का सबसे बड़ा बेटा था और पढ़ाई छोड़कर एसी मैकेनिक का काम सीख रहा था। उसकी उम्र सिर्फ 17 साल थी।

Location : 
  • Ghaziabad

Published : 
  • 26 July 2025, 10:32 AM IST

Advertisement