छठ महापर्व: लोकगीतों की गूंज और आस्था के बीच उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम के लिए घाटों पर कांच ही बांस के बहंगिया और केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज रही। शाम को व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने जल में खड़े होकर दूध और जल से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 16 November 2026, 9:06 AM IST
google-preferred

बलिया : लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम के बीच पारंपरिक लोकगीतों और सूर्य उपासना से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। व्रती बांस के सूप-दउरा में प्रसाद सजाकर घाटों पर पहुंचे हैं। घाटों पर कांच ही बांस के बहंगिया और केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज रही।  जिले के विभिन्न नदी, तालाब और कृत्रिम घाटों पर सुबह से ही तैयारियां जोरों पर थीं। श्रद्धालुओं ने घाटों की साफ-सफाई, सजावट और पूजा की सभी व्यवस्थाएं पूरी कीं। घरों में ठेकुआ, कसार और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए गए। पूजा के लिए सूप और दौरे में केला, नारियल, गन्ना, सिंघाड़ा, नींबू, अदरक, हल्दी सहित फल सजाए गए। शाम को व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। सोमवार को उन्होंने जल में खड़े होकर दूध और जल से उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना की। घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी। प्रशासन और स्थानीय समितियों ने साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए।

घाटों को सजाया गया 

शहर के रामलीला मैदान, लाटघाट, शनिचरी घाट, महावीर घाट गंगा तट, चंद्रशेखर नगर, आवास विकास कॉलोनी, सतनी सराय, कदम चौराहा, जीराबस्ती, हनुमानगंज, तीखमपुर, हाइड्रिल कालोनी के अलावा बहादुरपुर, अगरसंडा, मिड्ढा, भगवानपुर, देवरिया आदि स्थानों पर घाट को नगर पालिका, समितियों और प्रधानों द्वारा सजाया गया था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो जमीन पर तारे उतर आए हो। वहीं ध्वनियंत्र से छठ गीत बज रहे थे। उधर, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और खुफिया विभाग की टीम अपने अपने क्षेत्र में चक्रमण करती रही।

CHHATH PUJA  SPECIAL

छठ पूजा के लिए घाटों पर जुटी महिलाएं ( Dynamite news ig)

पानी में खड़ा होकर व्रती महिलाओं ने की सूर्य की पूजा  

लोक आस्था के पर्व डाला छठ के पावन पर्व पर मन्नत को लेकर व्रती महिलाएं के साथ ही दम्पति तालाब, सरोवर व नदी के पानी में खड़ा होकर सूर्य की उपासना की। इसके अलावा जिसकी मन्नत पूरी हुई उन दम्पतियों ने भी पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को प्रणाम कर परिवार की सुख समृद्धि के लिए कामना की। छठ महापर्व शुद्धता, अनुशासन, प्रकृति और परिवार के प्रति समर्पण का उत्सव है। नहाय-खाय से खरना तक की कठिन साधना के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं। महिला आरती के अनुसार, प्रसाद की तैयारी पूरी श्रद्धा और पवित्रता से होती है। सबसे प्रमुख प्रसाद ठेकुआ होता है, जिसके लिए गेहूं धोकर, सुखाकर आटा तैयार किया जाता है। आटे में चीनी, घी, नारियल का बुरादा, इलायची पाउडर मिलाकर ठेकुआ शुद्ध घी में तला जाता है।

CHHATH PUJA

व्रती ने पानी में खड़े होकर सूर्य को जल चढ़ाया( Dynamite news ig)

समापन और अन्य प्रसाद

चावल के आटे और गुड़ से बनने वाला लरुआ भी विशेष प्रसाद है। पूजा की डलिया में ठेकुआ, लरुआ, मौसमी फल, गन्ना, पान, सुपारी, अखरोट, सिंदूर आदि सजाए जाते हैं। यह पर्व हमें अपने क्षेत्र के फलों और खाद्य पदार्थों का सम्मान करना सिखाता है। संध्या अर्घ्य के बाद भी व्रतियों ने निर्जला उपवास जारी रखा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के बाद पारण के साथ महापर्व का समापन होगा।

 बच्चों ने छोड़े पटाखे

छठ घाट पर अपने -अपने अभिभावकों संग पहुंचे बच्चों ने परिवार के सदस्यों के निगरानी में आतिशबाजी की। उधर नौजवानों ने भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटाखे फोड़े।

Location :  Baliya

Published :  16 November 2026, 9:05 AM IST

Advertisement