हिंदी
आग
Muzaffarnagar : नई मंडी थाना क्षेत्र की वकील रोड स्थित अर्चना साड़ी शोरूम में शुक्रवार देर शाम करीब 7:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग शोरूम की ऊपरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही एफएसओ रामकिशोर यादव के नेतृत्व में दमकल विभाग की तीन गाड़ियां टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वहीं नई मंडी थाना प्रभारी सूबेदार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
नई मंडी का यह इलाका अत्यधिक व्यस्त और भीड़भाड़ वाला होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संकरी सड़क, दोनों ओर खड़े वाहन और मौके पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़ के चलते कुछ समय तक रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन प्रभावित रहा। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर दमकल कर्मियों के लिए रास्ता खाली कराया।
मुजफ्फरनगर में बिजली संकट पर सियासत, FIR को लेकर गरमाया माहौल; जानिये पूरा विवाद
फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का भी फिलहाल आकलन नहीं हो सका है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग सबसे पहले किस हिस्से में लगी। आग लगने के कारणों का भी अभी तक पता नहीं चल सका है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 4 July 2026, 1:25 PM IST