हिंदी
प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर की तैयारी पर मंत्री अनिल कुमार ने जताई नाराजगी (फोटो: AI)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा अब सरकार तक पहुंच गया है। गांधी कॉलोनी बिजलीघर पर बिजली संकट को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की सूचना सामने आने पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य अभियंता से फोन पर बात कर साफ कहा कि यदि प्रदर्शन करने वाले लोगों पर FIR दर्ज की गई तो यह उचित नहीं होगा।
शनिवार सुबह गांधी कॉलोनी बिजलीघर पर स्थानीय लोगों ने बिजली आपूर्ति ठप रहने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इलाके में 20 से 25 घंटे तक बिजली नहीं मिलने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट से पेयजल और अन्य जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ा। प्रदर्शन के बाद यह जानकारी सामने आई कि संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
जैसे ही यह सूचना कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार तक पहुंची, उन्होंने बिजली विभाग के मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता को फोन किया और अपनी नाराजगी जाहिर की। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, अगर प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा दर्ज कराया गया तो यह ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पहले से बिजली संकट से परेशान जनता अपनी समस्या बताने के लिए प्रदर्शन कर रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना उचित नहीं है।
फोन पर बातचीत के दौरान मंत्री ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि खराब ट्रांसफार्मर बदलने में 20 से 25 घंटे का समय लगेगा तो लोगों को राहत कैसे मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मर जल्द बदले जाएं और बिजली आपूर्ति को सामान्य करने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मुख्य अभियंता से बात करने के बाद मंत्री अनिल कुमार ने मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से भी फोन पर बातचीत की। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेते हुए लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ व्यापार और छोटे उद्योग भी प्रभावित हो रहे हैं। इसी बीच प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा दर्ज करने की संभावना और उस पर कैबिनेट मंत्री की सख्त प्रतिक्रिया राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है या नहीं। प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 28 June 2026, 6:06 PM IST