फतेहपुर में गेहूं के खेत को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें ग्राम प्रधान समेत 10 लोग घायल हो गए। लाठी-डंडों और हथियारों से हुए हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने 21 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
Fatehpur: फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें ग्राम प्रधान रवि सिंह सहित 10 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रधान रवि सिंह और सानू सिंह की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह घटना 18 मार्च की शाम करीब 7:45 बजे की है, जब पूरे काशी मजरा हसनपुर कसार निवासी मोहम्मद अकबर ने आरोप लगाया कि सहादत अली और लाल मियां के परिवार के लोग उनके गेहूं के खेत को नुकसान पहुंचा रहे थे। विरोध करने पर पहले कहासुनी हुई और आरोपी वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड लेकर ग्राम प्रधान रवि सिंह के घर पहुंच गए और हमला बोल दिया।
हमलावरों ने घर पर ईंट-पत्थर चलाते हुए जमकर मारपीट की, जिसमें ग्राम प्रधान रवि सिंह के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़े। इस दौरान सानू सिंह, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद दानिश और मोहम्मद अंसार को भी गंभीर चोटें आईं, जबकि मोहम्मद युसुफ, अकबर अली, शोगरा बीबी, सुमन देवी, ममता देवी, अजय गुप्ता और अब्दुल गफ्फार भी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
फतेहपुर में SP का बड़ा एक्शन, दरोगा पर गिरी गाज; जानिये किस मामले में हुई कार्रवाई?
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। गंभीर हालत को देखते हुए प्रधान रवि सिंह और सानू सिंह को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावर दबंग प्रवृत्ति के हैं और उन्होंने सुनियोजित तरीके से हमला किया।
कैला देवी दर्शन से लौट रहा परिवार… एक पल में खत्म हुई पूरी खुशियां, दिल दहला देगा ये हादसा
मामले में सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर सहादत अली, लाल मियां सहित 21 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।