हिंदी
फतेहपुर में अब कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज (Img: Dynamite News)
Fatehpur: फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के नसेनिया गांव स्थित A.R.S. ईंट भट्ठे पर हुई कथित लूटपाट और मारपीट के मामले में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
भट्ठा संचालक अवधेश कुमार मिश्रा की शिकायत के आधार पर प्रतीक मालवीय, प्रमोद कुमार, राजा यादव, विवेक सिंह समेत पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 2 अगस्त को दो चार पहिया वाहनों में सवार होकर हथियारों से लैस आरोपी सीधे भट्ठे पर जा धमके। आरोप है कि वहां मौजूद मुनीम धर्मेंद्र यादव के साथ गाली-गलौज की गई और भट्ठा मालिक को जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों पर भट्ठे से करीब 80 हजार रुपये नकद और कुछ जरूरी दस्तावेज लूटने का भी आरोप है। इस दौरान मुनीम समेत वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ मारपीट भी की गई।
ये भी पढ़ें- डीएम अचानक तहसील पहुंचे तो मच गई अफरा-तफरी, फाइलों से लेकर लेखपालों के काम तक की खुल गई पोल!
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी, लेकिन आरोप है कि न तो थाने से और न ही एसपी स्तर से कोई कार्रवाई हुई। लगातार अनदेखी से परेशान होकर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद अब न्यायालय के आदेश पर जहानाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- इंडो-नेपाल बॉर्डर पर कमिश्नर और DIG का औचक निरीक्षण, नेपाल में आपदा के बाद सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है और पुलिस की शुरुआती निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे क्या मोड़ आता है, इस पर सबकी नजर टिकी है।
Location : Fatehpur
Published : 3 September 2026, 8:46 PM IST