हिंदी
इंडो-नेपाल बॉर्डर सोनौली बॉर्डर पर कमिश्नर और DIG का औचक निरीक्षण (Img: Dynamite News)
Sonauli: भारत-नेपाल सीमा के बेहद अहम सोनौली बॉर्डर पर गुरुवार को अचानक अधिकारियों का काफिला पहुंचा तो सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय नजर आईं। गोरखपुर मंडल के कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह और DIG शिवशिंपी चन्नप्पा ने सोनौली बॉर्डर का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर लोगों की आवाजाही और अलग-अलग विभागों की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने SSB और इमिग्रेशन विभाग के अधिकारियों से सीमा की मौजूदा स्थिति को लेकर जानकारी ली। साथ ही बॉर्डर पर आने वाली परेशानियों और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के बारे में भी फीडबैक लिया गया।
कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि नेपाल में हाल में आई दैवीय आपदा को देखते हुए सोनौली सीमा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। अधिकारियों का फोकस इस बात पर रहा कि आपदा के बाद भारत-नेपाल सीमा पर किसी तरह की परेशानी खड़ी न हो और जरूरत पड़ने पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई कर सके।
ये भी पढ़ें- डीएम अचानक तहसील पहुंचे तो मच गई अफरा-तफरी, फाइलों से लेकर लेखपालों के काम तक की खुल गई पोल!
बैठक और निरीक्षण के दौरान भविष्य की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की निगरानी से जुड़े पहलुओं पर जानकारी ली गई।
नेपाल में आई आपदा के बाद कई भारतीयों के लापता होने की खबरों के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन भी जारी है। कमिश्नर ने बताया कि गोरखपुर मंडल से लापता लोगों की संख्या कम है, लेकिन पूरे भारत से कई लोग अभी भी नेपाल में लापता बताए जा रहे हैं।
ऐसे में सोनौली बॉर्डर का महत्व और बढ़ गया है। प्रशासन की नजर सीमा से होने वाली आवाजाही के साथ-साथ उन लोगों से जुड़ी जानकारी पर भी है, जो नेपाल में फंसे या लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने रेस्क्यू और राहत कार्यों से जुड़ी स्थिति पर भी जानकारी ली।
ये भी पढ़ें- पापा, उसने शादी का झूठा वादा कर मेरी जिंदगी कर दी तबाह, देवरिया में छल की शिकार हुई बेबस बेटी
औचक निरीक्षण के दौरान महराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल, एसपी शक्ति मोहन अवस्थी, एसडीएम, सीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देशों और तैयारियों की समीक्षा की। नेपाल में आपदा के बाद सोनौली बॉर्डर पर प्रशासन की सक्रियता को अहम माना जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 3 September 2026, 8:18 PM IST
Topics : India Nepal border Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) nepal disaster Sonauli Border UP News