
वृद्ध महिला ने बेटों पर लगाया बड़ा आरोप
Fatehpur: जनपद में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 80 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपने ही सगे बेटों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार अरबपुर निवासी जैनब बेगम ने आरोप लगाया है कि उसके तीन पुत्र इरशाद खान, बाबू खान और सोहराब खान ने अपनी पत्नियों व दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन लिखा ली और अब उन्हें प्रताड़ित भी कर रहे हैं।
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे पहले नजरबंद कर दिया था और अन्य बच्चों से मिलने तक नहीं दिया गया। इस मामले में पूर्व में थरियांव थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में क्षेत्राधिकारी नगर के हस्तक्षेप से 27 फरवरी 2026 को उसे मुक्त कराया गया और छोटे बेटे इमरान खान के सुपुर्द किया गया, जो वर्तमान में उसकी देखभाल कर रहा है।
पीड़ित वृद्धा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने छलपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसकी संपत्ति हड़प ली है। विरोध करने पर अब उसे और उसके साथ रह रहे बेटे-बेटियों को लगातार धमकियां दी जा रही हैं तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की बात कही जा रही है। हाल ही में 28 अप्रैल को उसके पुत्र लल्लू खान को पुलिस द्वारा पकड़कर कोतवाली ले जाने का भी आरोप है, जिसे अगले दिन छुड़वाया गया।
पीड़िता का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। जैनब बेगम ने बताया कि उन्होंने 13 अप्रैल 2026 को भी पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर उसे और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
Location : Fatehpur
Published : 2 May 2026, 5:53 PM IST