हिंदी
महिला को अस्पताल ले जाता हुआ सिपाही
Maharajganj: महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला ने घरेलू विवाद के बाद जहरीली दवा खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। घर की चारदीवारी के भीतर चल रहा पारिवारिक तनाव अचानक अपराध और मौत की आशंका में बदल गया। सुबह के समय हुए इस घटना ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया। समय रहते पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की मदद से महिला की जान तो बच गई, लेकिन यह घटना पारिवारिक कलह की गंभीर तस्वीर जरूर दिखा गई।
घर में बिगड़ी हालत, मचा हड़कंप
घटना नौतनवा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की है। यहां रहने वाली शोभा पासवान ने रविवार सुबह करीब 11 बजे आपसी पारिवारिक विवाद के चलते घर में रखी चूहे मारने वाली दवा खा ली। कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उल्टियां, घबराहट और कमजोरी देखकर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। पहले तो किसी को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है, लेकिन जब महिला की हालत और बिगड़ी तो पूरे घर में हड़कंप मच गया।
डायल 112 से पहुंची पुलिस, अस्पताल में भर्ती
स्थिति गंभीर देख किसी परिजन ने डायल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात सिपाही मुन्नर और सूरज कृष्णमुरारी मौके पर पहुंचे। बिना देर किए पुलिस ने महिला को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। फिलहाल महिला का इलाज सीएचसी में जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
चूहे मारने की दवा खाने की पुष्टि
मामले को लेकर नौतनवा थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला ने चूहे मारने वाली दवा का सेवन किया था। उन्होंने बताया कि महिला का पति बाहर रहता है और घरेलू कलह के चलते उसने यह कदम उठाया। समय रहते इलाज मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। महिला के बयान दर्ज किए जाएंगे और पारिवारिक विवाद के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं महिला पर किसी तरह का दबाव या प्रताड़ना तो नहीं थी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 18 January 2026, 7:08 PM IST