गोरखपुर में फर्जी फॉरेक्स ट्रेडिंग गैंग का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, सैकड़ों लोगों से ठगी का खुलासा

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस ने फिर एक बार ठगी का खुलासा किया है। जहां इसी कड़ी गोरखपुर में फर्जी फॉरेक्स ट्रेडिंग गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Gorakhpur: थाना रामगढ़ताल पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह अविनियमित निक्षेप योजनाएं चलाकर सैकड़ों लोगों से रुपये ऐंठ चुका था और लगातार नए लोगों को जाल में फंसा रहा था।

क्या है पूरा मामला

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर  डॉ कौस्तुभ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। 20 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि होटल सन साइन ग्रैंड में कुछ लोग फॉरेक्स ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का झांसा दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों में अजीत यादव (अम्बेडकर नगर), पारतेश सिंह (बलिया/गोरखपुर), गणेश साहनी (कुशीनगर) और अजय कुमार (महराजगंज) शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को जल्दी अमीर बनने का लालच देकर उनसे बड़ी रकम निवेश कराते थे और बाद में पैसा हड़प लेते थे।

कई दस्तावेज पुलिस ने किए बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, एक बैग, फोटोग्राफ, होटल के बिल, अवैध आधार कार्ड की प्रतियां और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों से ठगी के बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं, जिसकी जांच जारी है।

बैंक जॉब का सुनहरा मौका: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने IT समेत कई पदों पर निकाली वैकेंसी, जानें नौकरी की पूरी डिटेल्स

इस मामले में थाना रामगढ़ताल पर मुकदमा संख्या 0164/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 111(2)(ख), 61(2) तथा अविनियमित निक्षेप स्कीम पाबंदी अधिनियम 2019 की धारा 3/21(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पारतेश सिंह के खिलाफ पहले भी साइबर थाना सेंट्रल दिल्ली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है।

मैनपुरी में खुलेआम चली लाठियां, घर में घुसकर महिलाओं तक को पीटा, Video Viral

पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने में उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार राय के नेतृत्व में रामगढ़ताल थाना और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी की कुल रकम का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने आम जनता से की अपील 

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह के निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई को जोखिम में न डालें।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 21 March 2026, 5:08 PM IST

Advertisement