मुजफ्फरनगर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, आग में झुलसे दो किशोर

मुजफ्फरनगर के रतनपुरी क्षेत्र में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस और दमकल टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 April 2026, 3:48 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: शनिवार की सुबह मुजफ्फरनगर के एक गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक तेज धमाके के साथ आग की लपटें आसमान तक उठने लगीं। कुछ ही पलों में पूरा इलाका धुएं और चीखों से भर गया। अंदर काम कर रहे लोग जान बचाने के लिए भागे, लेकिन दो किशोर आग की चपेट में आ गए।  हादसा सिर्फ एक आग नहीं था, बल्कि अवैध कारोबार की खतरनाक सच्चाई को उजागर कर गया।

अवैध पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग

घटना मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर माफी गांव की है। यहां एक घर के अंदर अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि उमरेज नामक ग्रामीण के घेर में यह फैक्ट्री संचालित हो रही थी, जिसे लोनी के कुछ लोगों ने किराए पर लिया हुआ था। शनिवार सुबह अचानक फैक्ट्री में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

Muzaffarnagar: शॉर्ट सर्किट या लापरवाही? मुजफ्फरनगर की टायर फैक्ट्री में धधकी आग, मजदूरों ने ऐसे बचाई जान

आग में झुलसे दो किशोर

हादसे के वक्त अंदर पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान कासिम और हुजैफा नाम के दो किशोर आग की चपेट में आ गए। दोनों बुरी तरह झुलस गए और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, कासिम की हालत नाजुक बनी हुई है।

दमकल और पुलिस ने घंटों में पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में कई घंटे लग गए। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था।

फैक्ट्री संचालक मौके से फरार

हादसे के बाद फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उनकी तलाश में दबिश दे रही है। जांच में सामने आया है कि इस फैक्ट्री के पास कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी, जिससे यह साफ है कि यहां अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम किया जा रहा था।

मुजफ्फरनगर में सीएम योगी के मंच से पहले ही RLD विधायक की ‘नो एंट्री’, बाहर से लौटाया

अधिकारियों का बयान

सीओ फुगाना यतेंद्र नागर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह अवैध फैक्ट्री लग रही है और इसमें काम कर रहे किशोरों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  18 April 2026, 3:48 PM IST

Advertisement