हिंदी
पूर्व मंत्री सुभाष सिंह यादव (Img: Dynamite News)
Etawah: इटावा में डायनामाइट न्यूज़ को दिए गए एक विशेष इंटरव्यू में पूर्व एमएलसी और पूर्व मंत्री सुभाष सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के राजनीतिक इतिहास से जुड़े कई अहम और भावनात्मक किस्से साझा किए। उन्होंने अपने पिता नत्थू सिंह यादव और समाजवादी आंदोलन के पुरोधा मुलायम सिंह यादव से जुड़ी कई ऐसी स्मृतियां साझा कीं।
सुभाष सिंह यादव ने बताया कि उनके पिता नत्थू सिंह यादव और मुलायम सिंह यादव के बीच बेहद आत्मीय और विश्वासपूर्ण संबंध थे। उन्होंने कहा कि नत्थू सिंह यादव उन शुरुआती नेताओं में थे, जिन्होंने मुलायम सिंह यादव की क्षमता को पहचाना और उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि नत्थू सिंह यादव, मुलायम सिंह यादव की पहलवानी और उनके शिक्षित व्यक्तित्व से अत्यंत प्रभावित थे। उनका मानना था कि मुलायम सिंह यादव एक दिन प्रदेश और देश की राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल करेंगे।
इंटरव्यू में सबसे बड़ा खुलासा करते हुए सुभाष सिंह यादव ने बताया कि जब पहली बार मुलायम सिंह यादव को राजनीति में उतारने का अवसर आया, तब उनके पिता नत्थू सिंह यादव ने जसवंतनगर विधानसभा सीट छोड़ दी और उन्हें चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया। उन्होंने स्वयं मुलायम सिंह यादव के चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाई और अपनी गाड़ियों में बैठाकर गांव-गांव प्रचार कराया।
डायनामाइट न्यूज़ से इस खास बातचीत के दौरान सुभाष सिंह यादव ने मुलायम सिंह यादव के साथ बिताए गए पुराने दिनों की यादें भी ताजा कीं। उन्होंने नेताजी के साथ अपने परिवार की साझा स्मृतियों से जुड़ी कई दुर्लभ तस्वीरें दिखाईं और बताया कि दोनों परिवारों के संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक और भावनात्मक भी रहे हैं।
नत्थू सिंह यादव और मुलायम सिंह यादव की तस्वीर (Img: Dynamite News)
सुभाष सिंह यादव ने बताया कि उनके पिता नत्थू सिंह यादव समाजवादी विचारधारा से गहराई से प्रभावित थे। वे कांग्रेस की नीतियों के आलोचक थे और हमेशा जनसंघर्ष आधारित राजनीति का समर्थन करते थे। समाजवाद के सिद्धांतों और जनसंघर्ष की राजनीति में उनका अटूट विश्वास था। उनके अनुसार, नत्थू सिंह यादव का मानना था कि समाजवाद ही जनता के असली अधिकारों की रक्षा कर सकता है।
सुभाष सिंह यादव ने अपने पिता के व्यक्तित्व के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें अखाड़े और पहलवानी से विशेष लगाव था। हालांकि, वे स्वयं नियमित व्यायाम नहीं करते थे, लेकिन युवाओं को अभ्यास करते देखकर बहुत प्रसन्न होते थे। वे हमेशा नई पीढ़ी को अनुशासन, मेहनत और शारीरिक फिटनेस के लिए प्रेरित करते रहते थे।
इंटरव्यू के दौरान सुभाष सिंह यादव ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी खुलकर राय रखी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से राजनीति को करीब से देख रहे हैं और आज की परिस्थितियों पर उनकी नजर लगातार बनी हुई है।
हाल ही में सामने आए अदिति यादव के नाम से फर्जी पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले पर उन्होंने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में दोषियों की तुरंत पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत न कर सके।
सुभाष सिंह यादव ने आग कहा कि समाजवादी विचारधारा आज भी जनता के बीच मजबूत है। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सुभाष सिंह यादव ने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी मजबूत वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता बनी हुई है और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में समाजवादी विचारधारा को फिर से व्यापक समर्थन मिलेगा।
Location : Etawah
Published : 13 June 2026, 2:00 PM IST