जर्जर खंभा टूटा, हाईटेंशन तार गिरा… एक झटके में उजड़ गया किसान का सब कुछ

गोरखपुर के उरुवा थाना क्षेत्र के दुधरा गांव में विद्युत विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। जर्जर लकड़ी का स्टेक टूटने से 11 हजार वोल्ट का तार गिर गया, जिसकी चपेट में आने से खेत में चर रही तीन भैंसों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

Gorakhpur: गोरखपुर में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही ने एक बार फिर बड़ा नुकसान पहुंचाया है। गोला तहसील क्षेत्र के उरुवा थाना अंतर्गत दुधरा गांव में मंगलवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का जर्जर लकड़ी का स्टेक टूट गया, जिससे बिजली का तार अचानक नीचे गिर गया। खेत में चर रही तीन भैंसें इसकी चपेट में आ गईं और कुछ ही पलों में तड़पकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में गुस्सा और आक्रोश का माहौल बन गया।

जर्जर पोल और पुराना ढांचा बना हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार, दुधरा गांव में बिजली आपूर्ति विद्युत उपकेंद्र धुरियापार के दोआबा फीडर से होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कई पोलों पर वर्षों पुराने लकड़ी के स्टेक लगे हुए हैं, जो अब पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं।

कैसे हुआ हादसा

मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे रामजी पुत्र कुलबुल की दो भैंसें और बबलू पुत्र गणेश की एक भैंस मोतीलाल इंटर कॉलेज के सामने स्थित पोखरे के पास चर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही एक भैंस हाईटेंशन लाइन के नीचे से गुजरी, उसी समय जर्जर लकड़ी का स्टेक टूट गया। 11 हजार वोल्ट का तार सीधे नीचे गिरा और तीनों भैंसें उसकी चपेट में आ गईं।

‘एक यूनिट खून, कई जिंदगियां बचा सकता है’… गोरखपुर में रक्तदान शिविर में उमड़ा युवा उत्साह

ग्रामीणों में फूटा गुस्सा

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी।लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पोल और स्टेक बदले जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

अधिकारियों का मौके पर पहुंचना

घटना की सूचना मिलते ही अवर अभियंता अनु आनंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए विभाग की ओर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रस्तावित प्रदर्शन स्थगित कर दिया। साथ ही अधिकारियों ने जल्द ही जर्जर लकड़ी के स्टेक हटाकर लोहे के स्टेक लगाने की बात कही।

इतना विशाल बरगद आखिर अचानक कैसे गिर गया? गोरखपुर में लोगों के बीच बना रहस्य

पशु चिकित्सा टीम की कार्रवाई

सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचे और तीनों भैंसों का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 May 2026, 7:44 PM IST

Advertisement