हिंदी
विलाप करते हुए परिजन
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक सनसनीखेज हत्या के बाद माहौल उस वक्त और ज्यादा गरमा गया, जब मृतक हर्षित मिश्रा के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर भड़क उठे। गुस्से में परिजनों ने जोरदार हंगामा करते हुए साफ कहा कि यह कोई साधारण वारदात नहीं बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ कराई गई हत्या है। परिजनों ने कई बड़े नामों को साजिश में शामिल बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की और सवाल उठाया कि आखिर इतनी सुरक्षा के बावजूद हमलावर हथियार लेकर अंदर कैसे पहुंच गया।
परिजनों ने साजिश का लगाया आरोप
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हर्षित मिश्रा के परिवार और रिश्तेदारों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि हर्षित की हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत कराई गई है। परिवार ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में एचपीसीएल के डीजीएम राजीव शर्मा, किरन कोठरी, ज़ीशान और अनूप सुमन समेत कई लोग शामिल हैं। उनका कहना है कि इन लोगों ने मिलकर हर्षित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
बदायूं डबल मर्डर से दहला था इलाका, पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया हत्यारोपी; जानें क्या था पूरा मामला
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
परिवार के लोगों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिस जगह यह घटना हुई वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम बताए जाते हैं, फिर भी हमलावर हथियार लेकर अंदर कैसे पहुंच गया। परिजनों ने यह भी सवाल किया कि प्लांट में उस समय कई अधिकारी मौजूद थे, लेकिन हमलावर ने सिर्फ दो लोगों को ही क्यों निशाना बनाया। इससे साफ लगता है कि हमला पहले से तय योजना के तहत किया गया था।
पहले ही दी थी जान के खतरे की सूचना
परिजनों का कहना है कि हर्षित मिश्रा ने पहले ही एसएसपी और डीएम को लिखित शिकायत देकर बताया था कि उसकी जान को खतरा है। इसके बावजूद उसे सुरक्षा नहीं दी गई। परिवार का आरोप है कि अगर समय रहते प्रशासन ने सुरक्षा मुहैया कराई होती तो शायद आज हर्षित जिंदा होता।
लकड़ी और कंडों से जला चूल्हा! अमेठी में सपा नेता का प्रदर्शन, जानिये पूरा मामला
होटल रेडीसन के CCTV फुटेज की मांग
परिजनों ने यह भी दावा किया कि घटना से पहले आरोपी पक्ष के लोग होटल रेडीसन में ठहरे हुए थे और वहां भी हर्षित को धमकाया गया था। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि होटल के सीसीटीवी फुटेज तुरंत निकलवाए जाएं ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
एनकाउंटर की मांग
गुस्साए परिजनों ने साफ कहा कि हत्या करने वाले आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसका एनकाउंटर किया जाए। उनका कहना है कि जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलेगी, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।
Location : Budaun
Published : 13 March 2026, 2:04 PM IST