हिंदी
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल ( Source Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 32 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान बिहार के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रामपुर बुजुर्ग के पास घेराबंदी कर टाटा ट्रक (UP71T6000) को रोक लिया और उसकी तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान ट्रक से 32 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद खेप में रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की, रॉयल स्टैग बैरल सिलेक्ट व्हिस्की और ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड की कुल 390 बोतलें (करीब 300 लीटर) शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.90 लाख रुपये है, जबकि जब्त किए गए ट्रक की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक में मौजूद दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान रंजन कुमार, निवासी पटना (बिहार) और सर्जुन कुमार, निवासी जहानाबाद (बिहार) के रूप में हुई। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जा रही है।
जिला जेल के पास हुई ऐसी कार्रवाई, जिसने स्वास्थ्य महकमे में मचाई हलचल, आखिर अंदर क्या छिपा था राज?
बनकटा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 14 July 2026, 9:48 AM IST
Topics : Deoria News Liquor Smuggling UP Police