हिंदी
नवविवाहिता पति छोड़ इस लड़की को माना अपना सुहाग (सोर्स- डीएन रिपोर्टर)
Meerut: मेरठ के जानी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। शादी के महज 5 दिन बाद एक नवविवाहिता अपनी सहेली के साथ ससुराल छोड़कर चली गई। सहेली ने यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को बताया कि उसकी "पत्नी" को बंधक बनाकर रखा गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों युवतियों ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई और दावा किया कि उन्होंने करीब एक साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी।
जानी गांव की रहने वाली दोनों युवतियां बचपन से एक-दूसरे की करीबी दोस्त थी। दोनों एक ही मोहल्ले में रहती थी और उनके घरों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी है। साथ पढ़ाई करते-करते दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने बीए और एमए तक साथ पढ़ाई की। परिवारों को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने दोनों के मिलने-जुलने पर रोक लगा दी।
यह भी पढ़ें- जिला जेल के पास हुई ऐसी कार्रवाई, जिसने स्वास्थ्य महकमे में मचाई हलचल, आखिर अंदर क्या छिपा था राज?
परिजनों ने 24 वर्षीय युवती की 6 जुलाई को गाजियाबाद के लोनी निवासी युवक से शादी करा दी। हालांकि, शादी के बाद भी वह अपने फैसले पर कायम रही। उसने अपनी सहेली डॉली को फोन कर बताया कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती और उसके साथ ही जीवन बिताना चाहती है।
फोन मिलने के बाद डॉली लोनी पहुंची और डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। उसने पुलिस से कहा कि उसकी पत्नी को एक परिवार ने बंधक बना रखा है। सूचना पर पुलिस ससुराल पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां काफी देर तक समझाने की कोशिश हुई, लेकिन दोनों युवतियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।
थाने में दोनों ने पुलिस के सामने दावा किया कि उन्होंने करीब एक साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी। नवविवाहिता ने स्पष्ट कहा कि वह न अपने माता-पिता के साथ रहना चाहती है और न ही पति के साथ। उसने कहा कि वह अपनी सहेली के साथ ही रहना चाहती है। इसके बाद दोनों परिवार भी थाने पहुंचे, लेकिन जब युवतियां अपने फैसले पर अडिग रही तो परिजनों ने उनसे रिश्ता खत्म करने की बात कही और मेरठ लौट गए।
यह भी पढ़ें-सबूत है तो सामने लाओ… विधायक की FB पोस्ट पर भड़की सपा, एसपी से जांच और कार्रवाई की मांग
थाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों युवतियां वहां से चली गई। फिलहाल वे कहां रह रही हैं, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। जानी थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने भी इस संबंध में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Location : Meerut
Published : 14 July 2026, 9:35 AM IST