हिंदी
जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम (सोर्स- डीएन रिपोर्टर)
Balrampur: स्थानीय स्वास्थ्य विभाग और औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सक्रिय खून के अवैध धंधे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दो जनपदों के औषधि निरीक्षकों ने सघन छापेमारी करते हुए जिला जेल के समीप उतरौला मार्ग पर संचालित केके चैरिटेबल ब्लड सेंटर को पूरी तरह सील कर दिया।
इस दौरान जांच टीम ने मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध रक्त उत्पाद बरामद किए हैं, जिसमें 36 यूनिट खून, 347 यूनिट प्लाज्मा और 4 यूनिट प्लेटलेट्स शामिल हैं। जब्त की गई इस खेप को सुरक्षा के लिहाज से देर रात सरकारी अस्पताल के अधिकृत ब्लड बैंक में स्थानांतरित कर दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई एक बड़े नेटवर्क से जुड़ी है, जिसका खुलासा हाल ही में पड़ोसी जिले गोंडा में हुआ था। वहां एक निजी अस्पताल में कथित तौर पर एक्सपायर्ड रक्त चढ़ाने से एक मासूम बच्ची की जान चली गई थी। इस मामले की कड़ियां बलरामपुर के संयुक्त जिला चिकित्सालय से जुड़ी पाई गईं, जहां तैनात लैब टेक्नीशियन अभिषेक सिंह और उसके सहयोगी सौरव श्रीवास्तव द्वारा इस निजी सेंटर को अवैध रूप से साझेदारी में संचालित किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें-कोल्हुई: शाम की सैर बनी आखिरी सफर, अमृत सरोवर में डूबने से मौत
आरोपों के मुताबिक, यह केंद्र एक पैथोलॉजिस्ट की डिग्री का गलत इस्तेमाल कर चलाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने संबंधित लैब टेक्नीशियन की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही सहयोगी डॉक्टर के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।
रक्त के इस काले कारोबार की तह तक जाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी ने एक उच्च स्तरीय चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया है। अपर सीएमओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बनी यह विशेष कमेटी तीन दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। इस समिति में जिले के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो इस अवैध रैकेट के हर एक पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें-मुझे इंसाफ चाहिए… कहते हुए युवक ने कलेक्ट्रेट में खुद पर पेट्रोल डाला, फिर जो हुआ उसने सबको चौंकाया
चिकित्सा प्रशासन का साफ कहना है कि स्वैच्छिक रक्तदाताओं द्वारा दान किए गए खून की हेराफेरी करने वाले और लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
Location : Balrampur
Published : 14 July 2026, 8:25 AM IST