हिंदी
पानी पीने गए छात्र की मौत (Img: AI Generated Image)
Deoria: देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र के नारायणपुर औराई गांव में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। जूनियर हाईस्कूल में कक्षा 8 में पढ़ने वाला छात्र शिवम स्कूल परिसर से बाहर चौराहे पर लगे हैंडपंप से पानी पीने गया था। इसी दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से शिवम गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12:20 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक मौसम बदला और तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। जब लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो शिवम बिजली की चपेट में आ चुका था। हादसे की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की जानकारी शिवम के बाबा कोमल साहनी को मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एकौना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से छात्र को रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि शिवम के पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका था। उसकी मां प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के पद पर काम करती हैं। सोमवार को हरितालिका तीज के व्रत के कारण वह व्रत पर थीं। इसी बीच बेटे के साथ हुए हादसे की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। शिवम की मौत की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद नारायणपुर औराई के जूनियर हाईस्कूल में भी शोक का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाध्यापक रीना यादव के सोमवार को अवकाश पर होने की जानकारी सामने आई है। स्कूल से कुछ ही दूरी पर हुए इस हादसे ने छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों को झकझोर दिया।
ये भी पढ़ें- विवाद बढ़ा तो पड़ोसियों ने दंपति पर बरसा दिए लाठी-डंडे, हमीरपुर में मारपीट का वीडियो वायरल
शिवम रोज की तरह स्कूल गया था, लेकिन दोपहर में पानी पीने के लिए बाहर जाना उसके जीवन का आखिरी सफर बन गया। गांव में घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है। हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है।
Location : Deoria
Published : 14 September 2026, 3:52 PM IST