हिंदी
बृजेश मिश्रा का फाइल फोटो (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गोरखपुर-देवरिया फोरलेन पर सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर मोड़ के पास ट्रेलर की चपेट में आने से 56 वर्षीय बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के चांदपलिया गांव निवासी बृजेश मिश्रा (56) पुत्र स्वर्गीय गिरीश चंद्र मिश्रा मंगलवार सुबह अपने खेत में धान की रोपाई के लिए पंपसेट चलाने हेतु डीजल लेने महदहां पेट्रोल पंप जा रहे थे। वह अपनी बाइक से गोरखपुर-देवरिया फोरलेन पर रामपुर मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डिवाइडर से टकराने के बाद बृजेश मिश्रा सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग दहल उठे। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। ट्रेलर चालक की तलाश भी की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। खेती-किसानी से जुड़े बृजेश मिश्रा की अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फोरलेन पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।
Location : Deoria
Published : 7 July 2026, 10:26 AM IST
Topics : Deoria News Road Accident uttar pradesh