कन्नौज में मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, पिकअप के उड़ गए परखच्चे, केबिन में फंसे चालक की दर्दनाक मौत

कन्नौज के एनएच-34 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक और परिचालक केबिन में फंस गए। देर से पहुंचे राहत दल के कारण चालक की मौत हो गई, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद हाईवे की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 July 2026, 9:31 AM IST
google-preferred

Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के रौतामई गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से एक पिकअप (लोडर) में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

केबिन में फंसे रहे चालक और परिचालक

हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद पिकअप का केबिन पूरी तरह दब गया, जिससे चालक और परिचालक अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।

राहत कार्य में देरी का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और संबंधित एजेंसियों को दी गई थी, लेकिन काफी देर तक कोई राहत टीम मौके पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि यदि समय पर बचाव कार्य शुरू हो जाता, तो चालक की जान बचाई जा सकती थी। काफी देर बाद 1033 एम्बुलेंस और डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

एक की मौत, दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा

कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल परिचालक को गुरसहायगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

सोने की कीमतों में भयंकर विस्फोट! यूपी में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे भाव, खरीदने से पहले देख लें आज की लिस्ट

'गोल्डन आवर' पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर राहत और बचाव व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में 'गोल्डन आवर' सबसे महत्वपूर्ण होता है, लेकिन समय पर मदद न मिलने से कई बार घायल अपनी जान गंवा देते हैं। अब लोग जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब और व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।

Location :  Kannauj

Published :  7 July 2026, 9:31 AM IST

Advertisement