हिंदी
राजू विश्वकर्मा (Img : Google)
Deoria : जिले के चर्चित विश्वकर्मा हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गर्म हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआश्रय विश्वकर्मा मृतक के गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुलाकात के दौरान उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए।
रामआश्रय विश्वकर्मा ने कहा कि राजू विश्वकर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि सुधीर विश्वकर्मा सहित कई अन्य लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है। उनका कहना था कि सरकार की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी नहीं हुई है।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी सरकार का कोई प्रतिनिधि और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी गांव जाकर परिवार का हाल जानना जरूरी नहीं समझा। इससे साफ है कि प्रशासन इस पूरे मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
आखिर क्या था सोनू की मौत का राज? देवरिया मेडिकल कॉलेज लाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रामआश्रय विश्वकर्मा ने कहा कि हत्या के सभी आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सपा नेता ने भाजपा सरकार पर पिछड़े, दलित और पीडीए समाज के लोगों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विश्वकर्मा समाज के लोगों के साथ लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के 'जीरो टॉलरेंस' के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सरकार वास्तव में अपराध के प्रति सख्त है तो सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे।
रामआश्रय विश्वकर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना में घायल लोगों का समय पर मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। उनका कहना था कि पुलिस ने पूरे मामले में लापरवाही बरती है। जिससे पीड़ित परिवार का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई ही पीड़ित परिवार को न्याय दिला सकती है।
Location : Deoria
Published : 6 July 2026, 6:30 PM IST