रात के सन्नाटे में गूंजी गोलियां, पिकअप से निकले 8 गोवंश… देवरिया में पुलिस ने ऐसे तोड़ा गो-तस्करों का नेटवर्क!

देवरिया में लार और भाटपाररानी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गो-तस्करों के साथ मुठभेड़ हुई। एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने आठ गोवंशीय पशु, पिकअप वाहन, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 15 July 2026, 2:47 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लार थाना और भाटपाररानी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गो-तस्करों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से आठ गोवंशीय पशु, एक पिकअप वाहन, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

वाहन चेकिंग के दौरान शुरू हुआ पीछा

पुलिस के अनुसार, लार थाना क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से तुर्की पुल की ओर भागना शुरू कर दिया। इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और आसपास के थानों को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी।

बैरियर तोड़कर भागे आरोपी, पेड़ से टकराई पिकअप

सूचना मिलने पर भाटपाररानी थाना पुलिस ने फुलवरिया चौराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी पिकअप लेकर तुर्की मोड़ की ओर भाग निकले। भागने के दौरान वाहन बैरियर तोड़ते हुए एक पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद वाहन में सवार चारों आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा जारी रखा।

फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि घिर जाने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद

पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान मोहम्मद मुन्ना निवासी सिवान (बिहार) के रूप में हुई। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में चंदन चौरसिया निवासी थाना मईल, मोहम्मद फैजल तथा अनवर अंसारी निवासी थाना लार शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा आठ गोवंशीय पशु बरामद किए हैं।

युवक-युवती से मारपीट का वीडियो वायरल होने पर एक्शन, मुजफ्फरनगर में तुरंत कार्रवाई कर दो को दबोचा

आगे की कार्रवाई जारी

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गिरोह कितने समय से गो-तस्करी में सक्रिय था और इसके अन्य सदस्यों की भूमिका क्या रही है।

Location :  Deoria

Published :  15 July 2026, 2:34 PM IST

Advertisement