हिंदी
देवरिया में ट्रैफिक नियमों की उड़ी धज्जियां (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: सोशल मीडिया पर इन दिनों देवरिया सदर विधायक का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बिना हेलमेट बुलेट मोटरसाइकिल चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन लगातार लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक कर रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान भी किया जा रहा है। ऐसे में एक जनप्रतिनिधि का बिना हेलमेट बाइक चलाते दिखाई देना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही यातायात नियमों का पालन नहीं करेंगे तो आम जनता को नियमों के प्रति जागरूक करना मुश्किल हो जाएगा। लोगों का कहना है कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और नियमों का पालन हर व्यक्ति को करना चाहिए, चाहे वह आम नागरिक हो या जनप्रतिनिधि।
वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सादगी अपनाने और संसाधनों के कम उपयोग की अपील का असर नेताओं और अधिकारियों में दिखाई दे रहा है, लेकिन सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में सही नहीं मानी जा सकती।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस मामले में भी कार्रवाई होगी या फिर नियम सिर्फ आम जनता तक ही सीमित रहेंगे। फिलहाल इस मामले को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Location : Deoria
Published : 18 May 2026, 3:34 AM IST