हिंदी
मोबइल टावर पर चढ़ा युवक
Deoria: देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। हरिमहुअवा गांव में हुई इस घटना को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग में नाराज होकर युवक टॉवर पर चढ़ा था, जिसके बाद गांव में घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
पुलिस के मुताबिक, टॉवर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान 17 वर्षीय रंजीत कुमार के रूप में हुई है। वह बिहार के गोपालगंज जिले का निवासी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक गांव की एक युवती से प्रेम करता था। किसी बात को लेकर नाराजगी होने के बाद उसने यह कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही बघौचघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक को टॉवर पर देखकर ग्रामीण लगातार नीचे उतरने की अपील करते रहे। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
करीब घंटों चले ड्रामे के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों के अनुसार युवक और युवती के संबंधों को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी बातचीत हो चुकी थी। हालांकि किसी विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस युवक की काउंसलिंग कराने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं युवक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
Location : Deoria
Published : 20 May 2026, 12:29 PM IST