हिंदी
मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
Deoria: लार थाना क्षेत्र के भीकम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान घायल हुए करीब 50 वर्षीय रामेश्वर तिवारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ब्रेकर निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान रामेश्वर तिवारी पुत्र स्वर्गीय जयमंगल तिवारी घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय देवरिया रेफर कर दिया।
मौके पर जांच करती पुलिस
परिजन रामेश्वर तिवारी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि घटना के बाद गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह का तनाव दोबारा न बढ़े। मामले की जांच के साथ पुलिस घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
Location : Deoria,
Published : 2 October 2026, 6:10 AM IST