हिंदी
छोटी सी बात पर भिड़ गए दो पक्ष
Budaun: जनपद के थाना कुंवरगांव क्षेत्र स्थित बादल गांव में मामूली गाली-गलौज के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि मुनेशपाल पक्ष के दबंगों ने नरेश पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि गांव में गाली-गलौज को लेकर कहासुनी हो गई थी। जब नरेश पक्ष ने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।
इस घटना में एक पक्ष से निराला (32) पुत्र नरेशपाल, तनिष (11) पुत्र निराला और दीपमाला (15) पुत्री निराला गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से मुनेशपाल पुत्र मथुरा सिंह, लालू (14) पुत्र मुनेशपाल, सोना (22) पुत्री मुनेशपाल और कृष्ण गोपाल (20) पुत्र मुनेशपाल घायल हुए हैं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाना कुंवरगांव पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया है।
वहीं नरेशपाल पक्ष ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि हमले के दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक अवैध असलहा लहरा रहा था, जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि वायरल फोटो की जांच की जा रही है और पूरे मामले की तफ्तीश की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 1 October 2026, 10:38 PM IST