हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Rudrapur: उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक बेहद शर्मनाक और रूह कपा देने वाला मामला सामने आया है। जिस सौतेले पिता को बेटी की सुरक्षा का जिम्मा उठाना था, वही भक्षक बन बैठा। आरोप है कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला आरोपी चालक पिता पिछले कई सालों से अपनी सौतेली बेटी का लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था। लोक-लाज और जान से मारने की धमकियों के डर से पीड़िता इतने सालों तक घुट-घुट कर यह जुल्म सहने पर मजबूर रही।
पीड़िता के सब्र का बांध तब टूटा जब बीते 25 जून की देर रात आरोपी सौतेला पिता एक बार फिर नीयत खराब कर उसके कमरे में घुस आया। इस घिनौनी हरकत के बाद पीड़िता ने अपनी हिम्मत जुटाई और अपनी मां के सामने कातिलाना चुप्पी तोड़ते हुए पूरी दास्तान बयां कर दी।
अपनी बेटी पर हुए इस जुल्म की कहानी सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद मां-बेटी दोनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी लड़ाई लड़ने का मन बनाया।
शुक्रवार को पीड़िता अपनी मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपा। पीड़िता ने रो-रोकर बताया कि उसके माता-पिता दोनों की यह दूसरी शादी है। आरोपी पिता पेशे से ड्राइवर है और अपनी इस घिनौनी करतूत को छुपाने के लिए उसे लगातार धमकियां देता आ रहा था। पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई है कि उसके आरोपी सौतेले पिता को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित थाना पुलिस को तुरंत सख्त धाराओं में केस दर्ज कर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी का दावा कर रही हैं।
Location : Rudrapur
Published : 26 September 2026, 2:24 PM IST