देवरिया में दबंगों का कहर, पुरानी रंजिश में परिवार पर हमला; कई घायल

देवरिया में पुरानी रंजिश ने एक परिवार को खौफ में डाल दिया। आरोप है कि उधोपुर गांव में दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, वहीं गंभीर घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 28 September 2026, 1:10 AM IST
google-preferred

Deoria: जनपद के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के उधोपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने एक दलित परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की बात सामने आई है, जिनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, उधोपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के बाद कुछ दबंग लोग उनके घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें घर के कई लोग घायल हो गए।

घायलों की हालत चिंताजनक

मारपीट की घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

हथियार और बोरी भर आभूषण: देवरिया में सर्राफा चोरी का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोचे गए 5 आरोपी

पीड़ित परिवार का आरोप

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें लगातार डर बना हुआ है और वह पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

वहीं, मामले को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देवरिया में लोकतंत्र की रक्षा के लिए 28 सितंबर को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कलेक्ट्रेट तक निकलेगा मार्च

स्थानीय लोगों की मांग

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। स्थानीय लोग भी मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Deoria,

Published :  28 September 2026, 1:08 AM IST

Advertisement