देवरिया में लोकतंत्र की रक्षा के लिए 28 सितंबर को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कलेक्ट्रेट तक निकलेगा मार्च

देवरिया में कांग्रेस ने 28 सितंबर को विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। जिला अध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन के नेतृत्व में हुई बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा हुई। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित मार्च बताया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 September 2026, 8:25 PM IST
google-preferred

Deoria News: देवरिया में कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी कर ली है। पार्टी ने 28 सितंबर को जिला मुख्यालय पर विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। इसे लेकर रविवार को सलेमपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन ने की। इस दौरान विरोध मार्च की तैयारियों और कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक निकलेगा मार्च

कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सोमवार 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर विरोध मार्च निकालेंगे। उन्होंने कहा कि यह मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस के अनुसार, विरोध मार्च कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

पुतला दहन की भी तैयारी

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, विरोध मार्च के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा और पुतला दहन भी किया जा सकता है। जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज लगातार उठाती रहेगी।

बैठक में कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने विरोध मार्च को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और क्षेत्र स्तर पर संपर्क कर अधिक संख्या में लोगों को जोड़ने की अपील की। इस बैठक में जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, भरत मणि त्रिपाठी, बृजेश यादव, मनीष कुमार रजक, डॉ. याहिया अंजुम, रोहित यादव, अखिलेश मिश्र, वशिष्ठ मोदनवाल, वजीर अहमद, मोजाहिद लारी, इस्लाम खान, यूसुफ खान, सुनील तिवारी और गुड्डू मिश्र समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Deoria

Published :  27 September 2026, 8:25 PM IST

Advertisement