हिंदी
देवरहवा बाबा की तपस्या स्थली पर कब्जे का आरोप (Img- Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के मईल गांव स्थित पूज्य योगी देवरहा बाबा तपस्या स्थली एवं राधा-कृष्ण मंदिर पर कब्जे का आरोप लगा है। पूर्वांचल के प्रसिद्ध संत महर्षि देवरहा बाबा द्वारा सौ साल से पहले स्थापित इस मंदिर को लेकर संत श्याम सुंदर दास ने वीडियो बयान जारी किया है। उन्होंने प्रशासन से आश्रम को कब्जा मुक्त कराने और वहां सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
संत श्याम सुंदर दास के मुताबिक, यह मंदिर महर्षि देवरहा बाबा द्वारा स्थापित किया गया था। उनके अनुसार, यह स्थल भारत में मौजूद देवरहा बाबा के अन्य स्थलों के साथ संचालित होता था। मंदिर परिसर में देवरहा बाबा द्वारा प्राण-प्रतिष्ठित राधा-कृष्ण की मूर्तियां और बाबा की प्रतिमा भी स्थापित हैं।
श्याम सुंदर दास ने बताया कि इस स्थल के महंत उनके गुरु भाई श्री बालमुकुंद दास थे। इसी सप्ताह बीमारी के दौरान काशी में इलाज के समय उनका निधन हो गया। संत परंपरा के अनुसार, काशी में उनका अंतिम संस्कार करने के बाद वह वापस लौटे। उन्होंने बताया कि प्रशासन को पहले ही सूचना दी गई थी, ताकि शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए संत परंपरा के अनुसार क्रिया-कर्म संपन्न कराया जा सके।
डाइनामाइट न्यूज की खबर का असर: देवरिया में बच्चे की मौत के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित
संत श्याम सुंदर दास का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण नरसिंह और आसपास के गांवों के कुछ दबंगों ने जाल-फरेब करके आश्रम पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने कई बार तहसीलदार समेत प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई।
संत ने अपने बयान में आरोप लगाया कि पूर्व में आश्रम के महंत रहे निरंजन दास पर तेजाब से हमला किया गया था। इसके अलावा उन्होंने भागवत मिश्रा समेत कई भक्तों की हत्या किए जाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि अब फिर उन्हीं लोगों द्वारा आश्रम पर कब्जा किया जा रहा है।
बक्से में छिपा बैठा था जहरीला कोबरा, देवरिया में सफाई के वक्त मची भगदड़, सड़क पर आए लोग
श्याम सुंदर दास ने प्रशासन से आश्रम को कब्जा मुक्त कराने, दिवंगत महंत का क्रिया-कर्म संत परंपरा के अनुसार संपन्न कराने की व्यवस्था करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इन आरोपों पर प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं कराई गई है।
Location : Deoria
Published : 10 October 2026, 10:53 AM IST