हिंदी
गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में किराए के कमरे से 24 साल की महिला का शव फंदे पर लटका मिला। पास में उसकी 18 महीने की बेटी सो रही थी। पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि परिजनों की शिकायत पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
Symbolic Photo
नई दिल्ली। दिल्ली बॉर्डर से सटे इलाके में एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। किराए के कमरे में 24 साल की महिला का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि उसी चारपाई पर उसकी 18 महीने की मासूम बेटी बेखबर सोती रही। घटना के बाद से पति फरार है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
यह मामला गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार का है। यहां दूसरी मंजिल पर किराए के कमरे में रहने वाली चांदनी (24) का शव बरामद हुआ। वह बिहार के नालंदा जिले की रहने वाली थी और तीन साल पहले उसकी शादी विपिन से हुई थी। विपिन मजदूरी करता है और परिवार के साथ 15 दिन पहले ही खोड़ा में आकर रहने लगा था।
भाई ने देखा तो उड़ गए होश
रविवार रात विपिन का छोटा भाई नितिन कमरे पर पहुंचा। दरवाजा खुला तो अंदर का मंजर देख उसके होश उड़ गए। चांदनी का शव फंदे से लटका था। बाद में उसे नीचे उतारा गया। चारपाई पर 18 महीने की बच्ची मां के पास ही सो रही थी। सूचना मिलते ही मकान मालिक और पड़ोसी पहुंच गए, फिर पुलिस को खबर दी गई।
चेहरे पर चोट के निशान, मुंह से सूखा खून
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के गले पर फंदे का निशान था और चेहरे पर चोट के निशान भी थे। मुंह से खून सूखा हुआ मिला। शुरुआती तौर पर मामला हत्या का लगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने हैंगिंग से मौत की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि महिला ने फांसी लगाकर जान दी। हालांकि चोट के निशानों को लेकर जांच जारी है।
पति पर दहेज हत्या का केस
महिला के पिता की तहरीर पर पति विपिन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही विपिन चांदनी से मारपीट करता था और दहेज की मांग करता था। घटना के बाद से विपिन फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम में महिला के 2 से 3 महीने की गर्भवती होने की भी पुष्टि हुई है। मौत करीब 20 से 24 घंटे पहले होने की बात सामने आई है। मायके पक्ष के लोग गाजियाबाद पहुंचे और उन्होंने अंतिम संस्कार किया।
अब पुलिस पति की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश में है। मासूम बच्ची फिलहाल परिजनों के पास है, जिसे शायद अभी यह भी नहीं पता कि उसकी मां अब कभी वापस नहीं आएगी।