Budaun Road Accident: सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की पूरी जानकारी के लिए पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

Post Published By: Jaya Pandey
Updated : 11 June 2025, 1:42 PM IST
google-preferred

बदायूं: जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से ही युवक का परिवार सदमे में है, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक मृतक की पहचान विपिन के रूप में हुई है, जो 9 जून को किसी जरूरी दवा लेने के लिए बाइक से निकले थे। जब वह आसफपुर के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विपिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक इलाज के लिए बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल में भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान विपिन की मौत

लगातार प्रयासों के बावजूद बुधवार को इलाज के दौरान विपिन की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना को लेकर केस दर्ज

फैजगंज बेहटा थाना पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस दुर्घटना को लेकर केस दर्ज किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की मांग

यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और लापरवाह वाहन चालकों की गंभीरता को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना स्थलों पर ट्रैफिक नियंत्रण के ठोस उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Location : 
  • Budaun

Published : 
  • 11 June 2025, 1:42 PM IST

Advertisement