बदायूं में ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम की मौत, मेडिकल कॉलेज में जमकर बवाल और मारपीट

बदायूं से मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आयी। गंगा स्नान से लौट रहे परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बदायूं के कछला में घर वापसी के दौरान डेढ़ वर्षीय मासूम सुशांत को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 6 July 2026, 11:54 PM IST
google-preferred

Budaun: जनपद के कछला में गंगा स्नान के बाद घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। बदायूं जनपद के गांव उपरेला निवासी एक परिवार सोमवार को कछला में गंगा स्नान कर लौट रहा था। रास्ते में गांव रिनोइया निवासी रामब्रिज के ई-रिक्शा ने डेढ़ वर्षीय बालक सुशांत को टक्कर मार दी। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सुशांत को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मेडिकल कॉलेज परिसर में हंगामा और मारपीट

मृतक बालक के परिजनों का आरोप था कि ई-रिक्शा चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। गुस्साए परिजन जब मेडिकल कॉलेज में ई-रिक्शा चालक रामब्रिज और उसके साथ आए लोगों से उलझे तो बात हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। कुर्सियां चलीं, लात-घूसे चले और परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

इस पूरी घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में मेडिकल कॉलेज के अंदर मरीजों और तीमारदारों के बीच मारपीट साफ दिखाई दे रही है।

कॉलेज जाने का झांसा… खेत में खामोश हुई मुस्कान, बदायूं की बेटी के टूटे सपने, क्या फॉरेंसिक सुराग खोलेंगे राज?

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वायरल वीडियो सामने आने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि पहले भी परिसर में विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कॉलेज में रिटायर्ड फौजियों को सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात किया था।

लेकिन तैनात गार्ड्स की लापरवाही भी सामने आई। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद परिसर में इतनी देर तक मारपीट होती रही, लेकिन उसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पूछा कि अगर फौजी जवानों के रहते भी अस्पताल में कानून-व्यवस्था नहीं संभल पा रही तो आम मरीज और उनके परिजन कैसे सुरक्षित रहेंगे।

मौत को छूकर टक से वापस आया रीलबाज! बदायूं में चलती कार की खिड़की पर स्टंट, सामने खड़ी ट्रॉली देख उड़े होश

प्रशासन का बयान

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

सीएमएस ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। सुरक्षा में तैनात गार्ड्स की भूमिका की भी समीक्षा होगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव उपरेला में सुशांत की मौत से मातम है। एक ओर परिवार ने अपना डेढ़ साल का बेटा खो दिया, वहीं दूसरी ओर सरकारी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खुल गई है।

Location :  Budaun

Published :  6 July 2026, 11:50 PM IST

Advertisement