हिंदी
दफनाए गए बच्चे का शव निकाला गया बाहर
Meerut : मुंडाली थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव में सात माह के मासूम रुद्राक्ष की मौत का मामला अब रहस्यमय मोड़ पर पहुंच गया है। बच्चे को दफनाए जाने के बाद उसके पिता ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। शिकायत के बाद बुधवार को मजिस्ट्रेट के आदेश पर मासूम का शव कब्र से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस दौरान श्मशान घाट पर मौजूद परिजनों की आंखें नम हो गईं और माहौल बेहद भावुक हो गया।
बुधवार को नायब तहसीलदार विनीत चौहान, मुंडाली थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा, एफएसएल टीम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मासूम रुद्राक्ष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मुरलीपुर गांव निवासी अमित तोमर ने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके सात माह के बेटे की मौत स्वाभाविक नहीं थी। उन्होंने अपनी पत्नी मीनाक्षी पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि उन्हें शुरू से ही बच्चे की मौत पर संदेह था। इसलिए उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम की मांग की थी।
UP News: मेरठ में शर्मनाक वारदात, छेड़छाड़ से तंग छात्रा ने छोड़ा स्कूल, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
अमित तोमर, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका दावा किया कि करीब 15 दिन पहले उन्हें पता चला था कि उनकी पत्नी का दिल्ली निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। अमित के अनुसार, विवाद के बाद वह नौकरी पर लौट गए थे, लेकिन कुछ दिनों बाद उन्हें बेटे की अचानक मौत की सूचना मिली।
पिता का कहना है कि जब वह गांव पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तो उन्हें मामला सामान्य नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से संपर्क कर बच्चे के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। शिकायत के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्चे की मां मीनाक्षी से पूछताछ की जा रही है। वहीं एफएसएल टीम भी मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। अब पूरे मामले की दिशा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तय करेगी। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि मासूम की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है।
Location : Meerut
Published : 11 June 2026, 3:21 AM IST
Topics : crime news meerut news meerut police UP Police