हिंदी
सस्पेंड (Img : Google)
Ballia : बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से न लेना और निर्धारित समय पर समस्याओं का समाधान नहीं करना विद्युत विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर भारी पड़ गया। मुख्य अभियंता, आजमगढ़ क्षेत्र की समीक्षा बैठक में लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने बड़ा एक्शन लेते हुए सिकंदरपुर ग्रामीण के अवर अभियंता (जेई) को निलंबित कर दिया। वहीं उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सिकंदरपुर को आरोप पत्र जारी किया गया और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) विद्युत वितरण खंड बांसडीह को कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया।
मंगलवार को कृषि भवन, बलिया में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता ने विद्युत आपूर्ति, राजस्व वसूली, जन शिकायतों, वीआईपी प्रकरणों, बिजनेस प्लान और सांसद एवं विधायक निधि से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिले के सभी अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी, अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यकारी सहायक मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान 1912 हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की स्थिति पर विशेष फोकस किया गया। जांच में कई मामलों में शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं मिलने की बात सामने आई। इसके अलावा उपभोक्ताओं के फोन कॉल का जवाब न देने और विद्युत आपूर्ति के निर्धारित शेड्यूल का पालन न करने जैसी कमियां भी उजागर हुईं।
बलिया कोर्ट डबल मर्डर केस : प्रशांत-अजय हत्याकांड में चार दोषी, बच्चों के विवाद ने ली थी दो जानें
मुख्य अभियंता ने शिकायत निस्तारण और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को समय से न बदलने को गंभीर लापरवाही माना। इसी आधार पर सिकंदरपुर ग्रामीण के अवर अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उपखंड अधिकारी सिकंदरपुर को आरोप पत्र जारी किया गया, जबकि अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड बांसडीह को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा गया। संबंधित कार्यकारी सहायक को भी आरोप पत्र जारी किया गया है।
बैठक में मुख्य अभियंता ने स्पष्ट कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि 1912 हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदला जाए और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
Location : Ballia
Published : 11 June 2026, 12:12 AM IST