रील का जुनून बना मौत का कारण: सरोवर में डूबा हाईस्कूल छात्र, 4 घंटे बाद मिला शव

रील का जुनून बना मौत का कारण: सरोवर में डूबा हाईस्कूल छात्र, 4 घंटे बाद मिला शव -भौवापार शिव मंदिर सरोवर में हुआ दर्दनाक हादसा, ,पढिए पूरी खबर

Gorakhpur: सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। बेलीपार थाना क्षेत्र के भौवापार स्थित शिव मंदिर सरोवर में बुधवार को रील बनाते समय एक हाईस्कूल छात्र गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों की आंखों के सामने हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। करीब चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद SDRF टीम और स्थानीय गोताखोरों ने छात्र का शव सरोवर से बाहर निकाला।

मृतक की पहचान बगही गांव निवासी शिवम गुप्ता (16) के रूप में हुई है। वह हाईस्कूल का छात्र था और अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसके छोटे भाई पवन कुमार की पढ़ाई कक्षा आठ में चल रही है। शिवम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार शिवम बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ एक बाइक से भौवापार स्थित शिव मंदिर सरोवर पहुंचा था। भीषण गर्मी के बीच सभी दोस्त नहाने के लिए सरोवर में उतरे। इस दौरान कुछ युवक मोबाइल से वीडियो और रील बनाने में लगे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रील शूट करते समय शिवम धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गया। जब तक उसे खतरे का एहसास होता, तब तक वह पानी में डूबने लगा।

Gorakhpur News: फैक्ट्री से लौटती महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी, एंटी रोमियो टीम ने मनचले को दबोचा

शिवम को बचाने के लिए उसका एक दोस्त तत्काल पानी में कूद पड़ा, लेकिन गहराई और पानी के तेज बहाव के कारण वह उसे बाहर नहीं निकाल सका। देखते ही देखते शिवम पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग सरोवर की ओर दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF टीम को बुलाया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से कई घंटों तक सरोवर में तलाश अभियान चलाया गया। आखिरकार लगभग चार घंटे बाद शिवम का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

Gorakhpur News: IAS का रौब, फर्जी दस्तावेज और लाखों की ठगी… आखिर कैसे चलता था यह खेल?

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही माता-पिता बदहवास हो गए और पूरे माहौल में चीख-पुकार गूंज उठी। गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सरोवर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाएं तो भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता है।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 June 2026, 9:27 PM IST

Advertisement