हिंदी
महिला समेत 3 गिरफ्तार
Gorakhpur : जिले में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रामगढ़ताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक संगठित देह व्यापार नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित हो रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रामगढ़ताल क्षेत्र में कुछ लोग महिलाओं को माध्यम बनाकर देह व्यापार का अवैध नेटवर्क चला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार एस के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर आरोपियों को धर दबोचा।
गोरखपुर साइबर ठगों का बड़ा क्रैकडाउन, मर्चेंट QR कोड से चला रहे थे करोड़ों का नेटवर्क, 3 गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने धर्मशाला बाजार निवासी विक्की वर्मा, मूल रूप से चंडीगढ़ निवासी और वर्तमान में पैडलेगंज क्षेत्र में रहने वाले मंदीप सिंह और पादरी बाजार निवासी रिंकी लता भारती को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रामगढ़ताल थाने में दर्ज मुकदमा के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2) और 351(2) के अलावा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5, 6, 7 और 9 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के शोषण और देह व्यापार जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी आजाद चौक उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार राय, महिला उपनिरीक्षक आयशा बानो, कांस्टेबल शैलेन्द्र वर्मा, विश्राम और आरक्षी अभिषेक सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 11 June 2026, 12:36 AM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Sex racket UP Police