मंत्री की बैठक से पहले ऐसा क्या हुआ? सपा विधायक जाहिद बेग बीच में ही लौटे, बोले- ‘जेल भेज दो, घर गिरा दो…’

भदोही में प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की बैठक से पहले सपा विधायक जाहिद बेग और भाजपा नेताओं के बीच विवाद हो गया। विधायक ने दुर्व्यवहार और अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार किया। उन्होंने जान का खतरा जताया और छात्रों के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 July 2026, 1:36 PM IST
google-preferred

Bhadohi: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शुरू होने से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग और भाजपा पदाधिकारियों के बीच कथित कहासुनी के बाद विधायक बैठक में शामिल हुए बिना ही वापस लौट गए। बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा नेताओं पर दुर्व्यवहार और अपशब्द कहने का आरोप लगाया तथा अपनी जान को खतरा होने की बात कही।

विधायक जाहिद बेग का आरोप

जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक से पहले डीएम कार्यालय के गेस्ट रूम में मौजूद जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। विधायक जाहिद बेग का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि घटना के समय प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। विधायक ने कहा कि उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन माहौल को देखते हुए उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया।

बताया जा रहा है कि हाल ही में छात्रों के प्रदर्शन और भाजपा नेता से कथित अभद्रता के मामले में दर्ज एफआईआर को लेकर जाहिद बेग ने बयान दिया था। भाजपा नेताओं का आरोप है कि विधायक ने उन्हें "गुंडा" कहा था। हालांकि विधायक ने मीडिया के सामने सफाई देते हुए कहा कि उनका बयान भाजपा नेताओं के लिए नहीं था, बल्कि उन लोगों के लिए था जो छात्रों के घर जाकर दबाव बना रहे थे। 

बैठक स्थल से बाहर निकलने के बाद विधायक ने कहा, "सत्ता के दबाव में हमारी आवाज बंद नहीं कर पाएंगे। चाहे जेल भेज दीजिए या हमारा घर गिरा दीजिए, लेकिन हम जनता की आवाज उठाना नहीं छोड़ेंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपशब्द कहने वाले कुछ लोगों से अपनी जान का खतरा है।

Happy Birthday Sanjay Dutt: आखिर क्यों 2 दिन तक सोते रहे और उठे तो पिता के सामने बिलख पड़े… पढ़िये संजू बाबा के सनसनीखेज किस्से

जाहिद बेग ने छात्रों पर दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और छात्रों सहित आम लोगों के हितों की आवाज उठाना उनका दायित्व है।

पति कमाने गया परदेश, पीछे उजड़ गई गृहस्थी: हाथों की मेहंदी छूटी भी न थी कि फंदे से झूल गई नई-नवेली दुल्हन

घटना के बाद कुछ समय तक बैठक स्थल पर तनाव और गहमागहमी का माहौल बना रहा। फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि भाजपा की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Location :  Bhadohi

Published :  29 July 2026, 1:36 PM IST

Advertisement