
पीड़िता महिला अर्चना सिंह
Bareilly: पति के गुजर जाने के बाद जीवन में अकेली रह गईं एक महिला अब अपनी पुश्तैनी ज़मीन को बचाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। ग्राम एम.ओ. 100 परगना दौंहता निवासी अर्चना सिंह, पत्नी स्वर्गीय शैलेन्द्र सिंह ने उपजिलाधिकारी बहेड़ी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
अर्चना सिंह ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि उनके नाम पर दर्ज गाटा संख्या 411/1 (रकबा 0.126 हेक्टेयर) की ज़मीन वर्षों से उनके कब्ज़े में है। पति की मृत्यु के बाद वह अपने बच्चों के साथ इस ज़मीन के सहारे जीवन बिता रही हैं। लेकिन गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोग इस ज़मीन पर ज़बरदस्ती कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।
महिला का आरोप है कि ये लोग उनकी ज़मीन पर जबरन ईंट, पत्थर व निर्माण सामग्री डालकर कब्ज़ा जमाना चाहते हैं। उन्होंने 23 सितंबर को इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन 24 सितंबर को फिर वही लोग निर्माण सामग्री लेकर वहां पहुंच गए और दोबारा ज़मीन पर अवैध कब्ज़ा करने लगे।
#Bareilly: पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्ज़ा, विधवा महिला ने मांगा प्रशासन से इंसाफ#BareillyNews #WomenRights #LandDispute @Uppolice pic.twitter.com/CHLjYtLvQo
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 25, 2025
भावुक अर्चना सिंह ने कहा, "पति के गुजर जाने के बाद अब यही ज़मीन मेरे जीवन का सहारा है। अगर इसे भी छीन लिया गया, तो मैं बच्चों के साथ कहां जाऊंगी?" उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उनकी जमीन को बचाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
महिला ने यह भी स्पष्ट किया कि वह कानून और न्यायपालिका का सम्मान करती हैं और यदि अदालत से कोई आदेश आता, तो वह स्वयं ज़मीन छोड़ देतीं। लेकिन दबाव और जबरदस्ती को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जाकर जांच की जाए और जो लोग जबरन कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला अपने पति की मृत्यु के बाद से ही बच्चों के साथ अकेले रह रही हैं। गांव में कुछ लोगों को उनकी असहाय स्थिति का लाभ उठाकर ज़मीन हड़पने की कोशिश करते देखा गया है।
Bareilly News: छात्रों को पढ़ाई की सीख देना पड़ा भारी, शिक्षक पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज
महिला का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया, तो वह बेघर हो जाएंगी और अपने बच्चों को लेकर दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर होंगी। फिलहाल पीड़िता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसे न्याय दिलाया जाए और दबंगों की मनमानी पर रोक लगाई जाए।
Bareilly News: दूसरी शादी कर रहा था पति, पुलिस लेकर पहुंची पहली पत्नी फिर जो हुआ…
Location : Bareilly
Published : 25 September 2025, 4:12 PM IST
Topics : bareilly news land dispute UP Police Women Rights