हिंदी
बृजमनगंज थाना परिसर में महाशिवरात्रि, होली और रमजान को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने, निर्धारित स्थान पर ही होलिका दहन करने और बिना अनुमति डीजे न बजाने की अपील की। नशे से दूर रहकर सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बृजमनगंज में पीस कमेटी बैठक
Maharajganj: जनपद के बृजमनगंज थाना परिसर में आगामी महाशिवरात्रि, होली और रमजान पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने की। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साम्प्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि होलिका दहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए। बिना अनुमति कहीं भी लकड़ी या अन्य सामग्री एकत्र कर आग जलाने पर कार्रवाई की जाएगी। होली के दौरान बिना अनुमति डीजे बजाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में DM ने दिए तेजी के निर्देश, 6 महीने के भीतर पूरा करें काम
पुलिस अधिकारियों ने नशे का सेवन कर हुड़दंग करने वालों पर भी नजर रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का अवसर होता है, इसलिए कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य न करे जिससे दूसरे की भावना आहत हो या माहौल खराब हो।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने लोगों से अपील की कि सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि, होली और रमजान जैसे पर्व समाज में एकता और सौहार्द का संदेश देते हैं, इसलिए इन अवसरों पर मिल-जुलकर खुशियां बांटें।
फतेहपुर में चोरी की बड़ी वारदार, इलाके में मचा हड़कंप; जानिये पूरा मामला
बैठक में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, निरंजन राय, राजन पासवान, आलोक यादव सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा ग्राम प्रधान मदन गोपाल यादव, महेश शर्मा, सोनू सिंह, दिलीप निषाद, पंकज यादव, रामशिला चौहान, रविन्द्र यादव, मनोज जायसवाल, जितेंद्र कुमार, अनूप चौरसिया, सूरज सिंह, आकर्ष जायसवाल, बंटी मद्धेशिया, गौरव यादव, अशोक गुप्ता, अब्दुल हकीम समेत सैकड़ों स्थानीय लोग बैठक में शामिल हुए।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बैठक के अंत में सभी लोगों ने मिलकर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।