हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
बाराबंकी: जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां दहेज की मांग पूरी न होने पर बारात ही नहीं पहुंची। यह मामला कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के कसरैलाडीह गांव का है, जहां एक लड़की अपने सजे-धजे हाथों में मेहंदी लगाए, पूरी रात दूल्हे और बारात का इंतजार करती रही, लेकिन बारात नहीं आई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसारदुल्हन पक्ष के अनुसार, शादी की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और मेहमानों की मौजूदगी में इंतजार हो रहा था, लेकिन लड़के वालों ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया।
दहेज में मांगा ये
दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि दूल्हे पक्ष की ओर से दहेज में एक लाख रुपये नकद, अपाचे मोटरसाइकिल और दूल्हे व उसके पिता के लिए सोने की चेन की मांग की गई थी। उन्होंने जैसे-तैसे कुछ इंतजाम करने की कोशिश की, लेकिन जब पूरी मांग पूरी नहीं हो सकी तो लड़के वालों ने दूल्हे की बीमारी का बहाना बनाकर बारात लाने से इनकार कर दिया।
बारात के नहीं पहुंचने से दुल्हन पक्ष को भारी अपमान और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा। परिजनों ने इस मामले की शिकायत बदोसराय कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई है. पीड़ित परिवार की मांग है कि दहेज के लालच में बेटी की शादी तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
न्याय की उम्मीद में बैठा परिवार
इस घटना से न केवल एक लड़की का सपना टूटा है, बल्कि दहेज प्रथा जैसी कुरीति की क्रूरता भी उजागर हुई है. अब पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है और प्रशासन से उम्मीद कर रहा है कि दोषियों को सजा मिले ताकि भविष्य में कोई और बेटी इस तरह की पीड़ा से न गुजरे।
Location : Barabanki
Published : 24 May 2025, 6:16 PM IST
Topics : Barabanki Barabanki Police Bride complaint procession wedding