हिंदी
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक अजीब चीज मिली। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
बाराबंकी जिले में हड़कंप
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक अजीब चीज मिली। जिले के मसौली थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ से लटकता हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। यह सनसनीखेज मामला ग्राम धरौली के पास सामने आया, जहां आम के बाग से कुछ दूरी पर स्थित एक सागौन के पेड़ से मृतक का शव फांसी पर झूलता मिला। मृतक की पहचान ग्राम बांसा निवासी 45 वर्षीय सूरज रावत पुत्र रामनरेश के रूप में हुई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, सूरज रावत शुक्रवार की शाम अपने घर से खाना खाकर निकले और बाग में रखवाली कर रहे रामसरन को खाना देने के लिए गए थे। लेकिन शनिवार सुबह उनका शव बड़ागांव निवासी अवधेश मौर्य के सागौन बाग में संदिग्ध हालत में लटका मिला। सूचना पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमाकांत राव ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद मसौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक एक हाथ से विकलांग था, ऐसे में स्वयं फांसी लगाना संदेहास्पद प्रतीत होता है। वहीं, मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान भी पाए गए हैं और दिव्यांग हाथ से खून निकलता देखा गया, जिससे हत्या की आशंका और प्रबल हो गई है।
बताया जा रहा है कि सूरज रावत ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भूलीगंज निवासी हरिनाम वर्मा के आम के बाग की फसल खरीदी थी और उसी की रखवाली के दौरान यह घटना हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और ग्रामीणों द्वारा जताई जा रही हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखा जा रहा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।