हिंदी
घटना की जानकारी देती पुलिस (Img: Dynamite News)
Balrampur News: बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी मां ने अपनी ही नवजात बच्ची को झाड़ियों के बीच धान के खेत में मरने के लिए फेंक दिया। इस दिल दहला देने वाली साजिश में उसकी अपनी मां यानी बच्ची की नानी भी बराबर की साझेदार रही।
हालांकि समय रहते मौके पर पहुंची पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदना के चलते नवजात को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दरअसल, पूरा मामला किथुरा गांव का है, जहां बीते दिनों खेत में काम करने गए ग्रामीणों को धान की फसल के बीच किसी नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। कपड़े में लिपटी और अत्यंत दयनीय हालत में मिली इस एक दिन की बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था ताकि उसकी आवाज बाहर न आ सके।
ये भी पढ़ें- प्रेमी ने नाबालिग प्रेमिका के साथ पिया कीटनाशक, घरवालों के विरोध करने पर थे नाराज, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही तत्काल हरकत में आई पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल की टीम ने बिना एक पल गंवाए बच्ची को खेत से निकाला और सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल के महिला प्रसव वार्ड पहुंचाया। डॉक्टरों के अथक प्रयास और त्वरित इलाज से बच्ची को नया जीवन मिला, जो अब पूरी तरह स्वस्थ है।
घटना के बाद गांव के चौकीदार की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर जब छानबीन शुरू हुई तो गांव की ही एक युवती पर शक हुआ, जो बीते कुछ समय से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब थी। पड़ताल में सामने आया कि घटना वाली रात युवती और उसकी मां को एक नवजात के साथ घर जाते देखा गया था, लेकिन अगली सुबह न तो युवती गर्भवती दिखी और न ही घर में कोई बच्चा था।
ये भी पढ़ें- Balrampur: डीजे की तेज धमक के बाद मासूम की मौत, सदमे में परिवार ने छोड़ा शहर
पुलिस टीम ने जब संदेही मां और नानी को पूछताछ के लिए तलब किया तो शुरुआत में वे गुमराह करने की कोशिश करती रहीं। हालांकि जब महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सख्ती से पूछताछ हुई तो पूरा सच बाहर आ गया। युवती का अपने ही एक रिश्तेदार के साथ अनैतिक संबंध था। लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से दोनों महिलाओं ने मासूम को मार डालने की नीयत से खेत में फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि इस पूरे कृत्य में शामिल मुख्य पुरुष सहयोगी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Location : Balrampur
Published : 2 October 2026, 7:57 PM IST
Topics : balrampur news crime news Newborn baby