हिंदी
बलरामपुर पुलिस की बड़ी साइबर सफलता (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और सीईआईआर टीम की संयुक्त कार्रवाई में कुल 144 गुम हुए स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह पूरा अभियान पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में चलाया गया। इसका उद्देश्य गुमशुदा मोबाइलों की शिकायतों का त्वरित समाधान करना और नागरिकों का भरोसा मजबूत करना था। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और सीओ क्राइम डॉ. जितेन्द्र कुमार की देखरेख में तकनीकी टीम ने अहम भूमिका निभाई।
साइबर टीम ने कई महीनों की कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के बाद इन मोबाइलों को ट्रैक किया। इसके लिए भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया गया। इस पोर्टल की मदद से मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सभी 144 मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की इस पहल ने उनका भरोसा फिर से मजबूत कर दिया।
मोबाइल मिलने के बाद लाभार्थियों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया। लोगों ने कहा कि यह पहल साबित करती है कि पुलिस जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर है और समय पर समाधान करने में सक्षम है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने साइबर सेल और सीईआईआर टीम के प्रयासों की सराहना की और उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध रोकना ही नहीं, बल्कि नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
बलरामपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, 78% अभ्यर्थियों ने दी लिखित परीक्षा
एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में साइबर अपराध और गुमशुदा संपत्ति की बरामदगी के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस की इस पहल से आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।
Location : Balrampur
Published : 28 April 2026, 3:38 PM IST
Topics : balrampur news Cyber Cell cyber crime UP News UP Police