बलरामपुर में दर्दनाक हादसा, घर का इकलौता चिराग बुझा, करंट की चपेट में आने से युवक ने तोड़ा दम

बलरामपुर के ललिया क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर गांव में शनिवार सुबह एक बेहद दुखद घटना घटी, जहां एक घर में बोर्ड लगाने का काम कर रहे 35 वर्षीय शमीम उर्फ बाऊर अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

Balrampur : जनपद के ललिया थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम पंचायत भगता के मजरा शंकर नगर में बिजली की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस अनहोनी के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।

बोर्ड लगाने के दौरान हाई वोल्टेज तार की जद में आया युवक

मिली जानकारी के मुताबिक, शंकर नगर निवासी शमीम उर्फ बाऊर सुबह के समय गांव में ही एक मकान पर बोर्ड लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक वहां से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारों या करंट की जद में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि शमीम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

बूढ़े माता-पिता और तीन मासूमों के सिर से उठा साया

इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। स्थानीय लोगों ने अत्यंत दुखी मन से बताया कि शमीम अपने घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, जो दिन-रात मेहनत-मजदूरी करके अपने बूढ़े माता-पिता, दो मासूम बेटों और एक बेटी का पेट पाल रहे थे। उनकी मौत से पूरे परिवार के सामने अचानक गहरा आर्थिक और मानसिक संकट खड़ा हो गया है। रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए पड़ोसियों और ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की भनक लगते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने संरक्षण में लेकर पंचनामे की औपचारिकताएं पूरी कीं और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले की जानकारी देते हुए ललिया थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस कानून के मुताबिक आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

Location :  Balrampur

Published :  13 June 2026, 8:03 PM IST

Advertisement