लातेहार में सड़क पर पसरी मौत की खामोशी, दुर्घटना में उड़े गाड़ियों के परखच्चे, नहीं हो सकी शवों की पहचान

लातेहार के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को कोने पिकेट के आगे खुटगड़ी गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो अज्ञात युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार पेड़ से जा टकराई और सवार मौके से फरार हो गए।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 June 2026, 7:13 PM IST
google-preferred

Latehar : सदर थाना क्षेत्र लातेहार अंतर्गत कोने पिकेट के आगे खुटगड़ी गांव के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।पुलिस शवों की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है।

दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या JH03 AW 6472 सरयू की ओर से लातेहार आ रही थी। जबकि बाइक पर सवार दो युवक लातेहार से सरयू की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खुटगड़ी गांव के पास सड़क के एक मोड़ पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

कार में सवार मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इससे कार और बाइक दोनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार में सवार दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने देखा कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हुए हैं। जांच करने पर उनकी मौत की पुष्टि हुई।

Latehar: बच्चे स्कूल में कर रहे थे भोजन, हुआ कुछ ऐसा कि उनकी जान पर आ पड़ी

मामले की जांच कर रही पुलिस

घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि फरार कार सवारों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार के आधार पर वाहन मालिक और चालक की जानकारी जुटा रही है। वहीं मृतकों की पहचान नहीं होने के कारण आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी गई है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड उपप्रमुख राजकुमार प्रसाद तथा पूर्व मुखिया जुलेश्वर लोहरा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

Location :  Latehar

Published :  13 June 2026, 7:13 PM IST

Advertisement