हिंदी
बलिया में युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के जिले बलिया में बिजली ठीक करने की कोशिश के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चार बांस की लाठियां बरामद कीं।
मामला बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 27 सितंबर को बारिश और आंधी-तूफान के कारण गांव निवासी सोनू यादव (25) के घर की बिजली खराब हो गई थी। सोनू पट्टीदार शैलेंद्र यादव के घर के सामने लगे बिजली के खंभे से बिजली ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सोनू और शैलेंद्र यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद शैलेंद्र और उसके परिवार के लोगों ने सोनू के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: Ballia News: शौच के लिए गए बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, मुंह से झाग और नीले पड़े शरीर ने खड़े किए कई सवाल
मारपीट में सोनू को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोनू की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों की तहरीर पर नगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 190/2026 के तहत बीएनएस की धारा 105, 115(2), 352 और 3(5) में केस दर्ज किया।
मामले की विवेचना के दौरान नगरा पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर की रात करीब 10:20 बजे चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों में शैलेंद्र यादव (33), सुमेर यादव (56), हरेराम (47) और राजकुमार यादव (18) शामिल हैं। चारों सेमरी काली स्थान के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार, डीह बाबा मंदिर के पास सोनाड़ी रोड के किनारे झाड़ियों से चार बांस की लाठियां मिलीं। पुलिस ने बरामदगी को विवेचना में शामिल कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
ये भी पढ़ें: Ballia News: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, एक घायल
युवक की मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद गांव में भी मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।
Location : Ballia
Published : 28 September 2026, 8:11 PM IST