Ballia News: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, एक घायल

बलिया के भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसौन्डर गांव में सोमवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। तीनों नहर के पास पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े थे।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 September 2026, 5:55 PM IST
google-preferred

Ballia: बलिया में सोमवार शाम अचानक हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसौन्डर गांव में नहर के पास हुआ। घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

नहर किनारे पेड़ के नीचे छिपे थे युवक

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 3:30 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ जोरदार गरज होने लगी। बारिश से बचने के लिए करीब पांच-छह लोग कसौन्डर गांव में नहर के पास एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिर गई। इसकी चपेट में तीन युवक आ गए।

दो की मौत, एक का अस्पताल में इलाज

हादसे में रंजीत कुमार (33) पुत्र स्वर्गीय रामायण प्रसाद निवासी कसौन्डर और अनुराग कुमार (24) पुत्र कमलेश निवासी सिकंदरापुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटू कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय जितेंद्र कुमार निवासी कसौन्डर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छोटू का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही भीमपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे और परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

Location :  Ballia

Published :  14 September 2026, 5:41 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement