हिंदी
मनीषा हत्याकांड में नया मोड़ (Img: AI Generated)
Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में चर्चित मनीषा हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है। हत्या के बाद मृतका के परिजनों ने पति राहुल भाटी और उसके परिवार पर सुनियोजित साजिश रचकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि मनीषा को बेटी के बहाने गांव बुलाया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
मृतका के पिता पंकज ने बताया कि मनीषा ने करीब आठ वर्ष पहले राहुल भाटी से प्रेम विवाह किया था। अंतरजातीय विवाह के कारण परिवार ने उससे दूरी बना ली थी, लेकिन वह अपनी छोटी बहन और कुछ रिश्तेदारों के संपर्क में रहती थी।
परिजनों के अनुसार, मनीषा ने कुछ दिन पहले बताया था कि उसकी बेटी अनन्या लगातार फोन कर उसे अपने पास बुला रही है। इसी कारण वह 19 जून को खैला गांव पहुंची थी। परिवार का आरोप है कि इसी योजना के तहत उसे गांव बुलाया गया और फिर हत्या कर दी गई।
मनीषा का 23 जून को जन्मदिन था। पिता के मुताबिक वह अपने जन्मदिन पर वृंदावन जाकर पूजा-अर्चना करना चाहती थी। परिवार के लोग जन्मदिन की तैयारियों की बात कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या की खबर आ गई। परिजनों ने बताया कि मनीषा अपने बीमार छोटे भाई के इलाज और ऑपरेशन की तैयारी में भी मदद कर रही थी। वह अपने खर्च पर उसका इलाज करवाना चाहती थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि मनीषा की गर्दन पर फरसे से कई वार किए गए थे। इसके अलावा सिर, हाथ और पीठ पर भी धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई।
पुलिस ने आरोपी पति राहुल भाटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त फरसा और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। मृतका के परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा है कि यह केवल हत्या नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Location : Baghpat
Published : 22 June 2026, 3:16 PM IST
Topics : crime news Manisha Murder Case uttar pradesh